घटना चौपाटी के सामने उस समय हुई, जब पीड़ित कुछ मिनटों के लिए खरीदारी करने दुकान पर गया था। लौटने पर बाइक की डिग्गी खुली मिली और उसमें रखे दो लाख रुपये गायब थे।
रिपोर्टर

चौपाटी के पास खरीदारी के दौरान वारदात, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
शहडोल। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई दो लाख रुपये की चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की बाइक की डिग्गी से नकदी पार कर दी। घटना चौपाटी के सामने उस समय हुई, जब पीड़ित कुछ मिनटों के लिए खरीदारी करने दुकान पर गया था। लौटने पर बाइक की डिग्गी खुली मिली और उसमें रखे दो लाख रुपये गायब थे।
जानकारी के अनुसार, रीवा रोड स्थित सर्किट हाउस के सामने रहने वाले सुनील श्रीवास्तव ने बैंक से दो लाख रुपये निकाले थे। उन्होंने नकदी बाइक की डिग्गी में रखी और घर के लिए रवाना हो गए। दोपहर करीब चार बजे चौपाटी के पास एक दुकान पर खरीदारी के लिए रुके। इसी दौरान बदमाशों ने मौका पाकर डिग्गी खोल ली और पूरी रकम लेकर फरार हो गए।
पीछा करने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बदमाश बैंक से ही पीड़ित का पीछा कर रहे थे और सुनसान मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। बैंक से लेकर घटनास्थल तक के पूरे मार्ग की भी जांच की जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

5 सित॰ 2026, 11:31 pm

20 अग॰ 2026, 06:41 am

14 अग॰ 2026, 01:09 am

12 अग॰ 2026, 04:31 am